Dehradun News : बैठक से गायब रहे जिला समाज कल्याण अधिकारी, DM Ashish Chauhan ने जारी किया Show Cause Notice

Dehradun DM Show Cause Notice : सरकारी कामकाज में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी Ashish Chauhan ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने और जरूरी सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी Deepankar Ghildiyal को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारी न तो खुद बैठक में शामिल हुए और न ही अपनी जगह किसी दूसरे अधिकारी या कर्मचारी को नामित किया। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा बैठक में नहीं पहुंचे अधिकारी

जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अपर सचिव की अध्यक्षता में केंद्र पोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जानी थी। इस बैठक में संबंधित योजनाओं की प्रगति और अन्य जरूरी जानकारियों के साथ विभागीय अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे।

समाज कल्याण विभाग की ओर से भी बैठक के संबंध में पत्र जारी कर सूचना दी गई थी। इसके बावजूद जिला समाज कल्याण अधिकारी Deepankar Ghildiyal ने न तो बैठक से संबंधित जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराईं और न ही बैठक में शामिल होने के लिए किसी प्रतिनिधि को नामित किया।

DM के निर्देश के बाद भी नहीं दी जानकारी

जिलाधिकारी Ashish Chauhan के अनुसार, जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से भी बैठक की याद दिलाई गई थी। स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि मांगी गई सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करे।

इसके बावजूद न तो जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई और न ही अधिकारी की ओर से इस संबंध में कोई सूचना या स्पष्टीकरण दिया गया। जिलाधिकारी ने इसे पदेन दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और सरकारी कार्यों के प्रति उदासीनता माना है।

वेतन रोकने से लेकर प्रतिकूल प्रविष्टि तक की चेतावनी

जारी कारण बताओ नोटिस में जिला समाज कल्याण अधिकारी से पूछा गया है कि उनके इस रवैये को कार्यों के प्रति उदासीनता क्यों न माना जाए। उन्हें निर्धारित अवधि में अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर एकतरफा कार्रवाई की जा सकती है। इसमें अनुशासनात्मक कार्रवाई, उत्तरदायित्व निर्धारित करने, वेतन आहरण प्रतिबंधित करने और सेवा अभिलेख में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने जैसी कार्रवाई शामिल हो सकती है।

समाज कल्याण अधिकारी ने क्या कहा?

इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी Deepankar Ghildiyal से भी बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी ओर से जवाब दे दिया गया है।

फिलहाल मामला प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में है। अब अधिकारी की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण पर जिला प्रशासन का अगला कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *