
देहरादून: आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर अपने मंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया। मुख्यमंत्री ने श्री अग्रवाल का त्यागपत्र अग्रिम कार्यवाही के लिए राज्यपाल को भेज दिया है।
प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद उनके समर्थकों में गहरा रोष है। समर्थकों ने ऐलान किया है कि वे कल चक्का जाम करेंगे और कई जगहों पर दुकानें बंद रखी जाएंगी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है।
समर्थकों ने आरोप लगाया कि श्री अग्रवाल के साथ अन्याय हुआ है और वे इसके विरोध में सड़कों पर उतरेंगे। स्थानीय बाजारों और प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।
अभी तक प्रेमचंद अग्रवाल या मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन इस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है।
आगे की स्थिति पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।